रायपुर. सूरजपुर
जिले के मसंकी ग्राम पंचायत में समय पूर्व प्रसव वाली महिला एवं नवजात
शिशु पूर्णतः स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पहुंचकर दोनों के
स्वास्थ्य का परीक्षण किया है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर
जिला प्रशासन की टीम ने भी महिला के घर पहुंचकर उसके और नवजात शिशु का
हाल-चाल जाना। गर्भावस्था के दौरान गांव की मितानिनों द्वारा महिला के
स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही थी।
ग्राम
पंचायत मसंकी की इस नवप्रसूता का घर मुख्य सड़क से 4.2 किलोमीटर की दूरी पर
है। इसमें 700 मीटर का ऐसा रास्ता भी है जिसमें एम्बुलेंस नहीं जा पाता
है। महिला के प्रसव की संभावित तिथि अक्टूबर माह में थी। लेकिन समय पूर्व
प्रसव पीड़ा शुरू हो जाने से एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकने वाले 700 मीटर का
रास्ता खाट पर लिटाकर तय करते समय एम्बुलेंस तक पहुंचने के पहले ही महिला
का प्रसव हो गया। नवजात के पिता द्वारा सवेरे 08:37 बजे एम्बुलेंस के लिए
फोन किया गया था। सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला को
स्वास्थ्य केंद्र तक लाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी। किन्तु
एम्बुलेंस के पहुँचने के पहले ही सवेरे 08:57 बजे महिला का प्रसव हो
गया।
मितानिन
द्वारा 23 सितम्बर को भी महिला का परीक्षण किया गया था। प्रसव की तिथि
अक्टूबर माह मे संभावित थी। किंतु समय पूर्व प्रसव होने के कारण अचानक यह
स्थिति निर्मित हुई। एम्बुलेंस के चालक द्वारा जब रास्ते की जानकारी के लिए
संपर्क किया गया तो जच्चा-बच्चा के स्वस्थ होने के कारण महिला के परिवार
द्वारा एम्बुलेंस को आने से मना कर दिया गया। परिजनों द्वारा कहा गया कि अब
उन्हें अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं है।
समय
पूर्व प्रसव की सूचना प्राप्त होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रसूता के
घर पहुँची। आर.एम.ए. श्री संदीप शर्मा, आर.एच.ओ. श्री विकास गुप्ता तथा
मितानिन के द्वारा प्रसूता का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य
परीक्षण मे जच्चा-बच्चा दोनों पूर्णतः स्वस्थ पाए गए। किसी भी प्रकार की
समस्या नहीं पाई गई। घटना की जानकारी कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को मिलने
पर उन्होंने जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी, भैयाथान के नेतृत्व में ओड़गी
जनपद पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी तथा तहसीलदार ओड़गी की टीम को
भेजा। टीम ने प्रसूता के घर जाकर उसका और नवजात का हालचाल जाना। दोनों को
स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नही पाई गई। प्रसूता को जननी सुरक्षा योजना का
लाभ भी प्रदान किया गया। रास्ते की दिक्कत को देखते हुए कलेक्टर ने ग्राम
पंचायत मसंकी के ग्राम सराईदेह के पंडोपारा में मनरेगा से सड़क निर्माण और
पुलिया निर्माण की स्वीकृति दी है।


Journalist खबरीलाल












