कैलिफोर्निया की टेक कंपनी Apple के अफॉर्डेबल iPhone सेगमेंट में आने वाला अगला मॉडल iPhone 17e इस बार कुछ बड़े बदलावों के साथ आ सकता है। चीन से सामने आए नए लीक के मुताबिक, iPhone 17e में डिजाइन और परफॉर्मेंस दोनों स्तर पर सुधार देखने को मिल सकते हैं, जबकि Apple अपनी 'e' सीरीज की कीमत को कम रखने की स्ट्रेटजी जारी रखेगा। कंपनी कुछ विजुअल चेंजेस भी नए मॉडल में ऑफर कर सकती है।
Weibo पर टिप्स्टर Smart Pikachu के अनुसार, Apple iPhone 17e के फ्रंट डिजाइन में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। अब तक iPhone 16e में पुराना नॉच डिजाइन दिया गया था, जो iPhone 13 और iPhone 14 जैसे पुराने मॉडल्स की याद दिलाता है। हालांकि, iPhone 17e में कंपनी नॉच को हटाकर पिल-शेप Dynamic Island देने पर काम कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो यह iPhone 17e को दिखने में Apple के नए प्रीमियम iPhones के पास ले आएगा। Dynamic Island के जरिए यूजर्स को लाइव एक्टिविटीज, नोटिफिकेशन और सिस्टम अलर्ट्स एक इंटरैक्टिव ढंग से मिल सकेंगे।
पावरफुल परफॉर्मेंस ऑफर करेगा आईफोन
परफॉर्मेंस की बात करें तो लीक में दावा किया गया है कि iPhone 17e में Apple का आने वाला A19 चिपसेट दिया जा सकता है, हालांकि यह इसका डाउनक्लॉक्ड वर्जन होगा। यानी यह फ्लैगशिप iPhones जितनी ताकतवर परफॉर्मेंस नहीं देगा, लेकिन रोजमर्रा के इस्तेमाल में इसकी क्षमता A17 Pro के जैसी रहने की उम्मीद है। इसके साथ Neural Engine में भी सुधार किए जाएंगे, जिससे AI से जुड़े फीचर्स और फोटोग्राफी परफॉर्मेंस बेहतर हो सकती है। पिछले iPhone 16e में A18 चिप थी, जिसमें 5-कोर की जगह 4-कोर GPU दिया गया था।
अन्य स्पेसिफिकेशन्स में बड़े बदलाव की संभावना कम बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 17e में वही 6.1-इंच OLED डिस्प्ले मिल सकती है, जिसका रिफ्रेश रेट 60Hz रहेगा। हालांकि डिस्प्ले डिजाइन को लेकर थोड़ा कन्फ्यूजन है। जहां Smart Pikachu Dynamic Island की बात कर रहे हैं, वहीं कुछ अन्य रिपोर्ट्स कहती हैं कि Apple अब भी iPhone 14-बेस्ड OLED पैनल का इस्तेमाल कर सकता है, बस बेजल्स को थोड़ा पतला किया जाएगा। अगर ऐसा हुआ, तो नॉच डिजाइन एक और जनरेशन तक बना रह सकता है।
साथ ही iPhone 17e में MagSafe सपोर्ट के लिए मैग्नेटिक रिंग दिए जाने की उम्मीद है, जो iPhone 16e में नहीं थी। इससे यूजर्स MagSafe चार्जर्स और एक्सेसरीज का फायदा उठा पाएंगे। हालांकि कीमत कम रखने के लिए Apple पुराने मॉडेम हार्डवेयर का इस्तेमाल कर सकता है। लीक कोड रेफरेंसेज के अनुसार, कंपनी C1 या C1X मॉडेम पर भरोसा कर सकती है और नए N1 वायरलेस चिप को स्किप कर सकती है।
कब लॉन्च हो सकता है नया iPhone 17e?
लीक में दावा किया गया है कि iPhone 17e का मास प्रोडक्शन CES के तुरंत बाद, यानी 9 जनवरी के आसपास या उसके बाद शुरू हो सकता है। यह जानकारी उन पुरानी रिपोर्ट्स से मेल खाती है, जिनमें कहा गया था कि फोन को स्प्रिंग 2026 में लॉन्च किया जाएगा, ठीक वैसे ही जैसे iPhone 16e फरवरी में पेश किया गया था। कीमत में बदलाव की संभावना कम है और iPhone 17e की शुरुआती कीमत 599 डॉलर (करीब 53,800 रुपये) के आसपास रह सकती है।



Journalist खबरीलाल














