ऑस्ट्रेलिया ने 7वां टी20 वर्ल्ड कप का खिताब मेजबान इंग्लैंड को धूल चटाकर जीता। फाइनल में इंग्लिश टीम ने 150 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसे कंगारुओं ने 17.1 ओवर में 7 विकेट रहते आसानी से चेज कर लिया। ओपनर बेथ मूनी ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई, उन्होंने 64 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से भी नवाजा गया। ऑस्ट्रेलिया की जीत के साथ टूर्नामेंट खत्म हो गया है। ऐसे में हम आपके लिए आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम ऑफ द टूर्नामेंट लेकर आए हैं। इस टीम में भारत की सिर्फ एक ही प्लेयर है, वहीं वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की 4 प्लेयर्स को शामिल किया गया है। आईए एक नजर इस टीम पर डालते हैं-
डैनी वायट और बेथ मूनी
1 शतक और 2 अर्धशतक के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 302 रन बनाने वाली इंग्लैंड की डैनी वायट टीम ऑफ द टूर्नामेंट की ओपनर रहेंगी। वायट विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालीं बैटर रहीं। उनका साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपनर बेथ मूनी देंगी। मूनी ने इस टी20 वर्ल्ड कप में 238 रन बनाए। वहीं फाइनल में उनकी पारी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। मूनी ने इस टी20 वर्ल्ड कप में 3 फिफ्टी लगाई थी।
डार्सी कार्टर, नैट साइवर-ब्रंट और एलिस पेरी
स्कॉटलैंड की डार्सी कार्टर के साथ इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट और ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी मिडिल ऑर्डर का भार संभालेंगे। इन तीनों ने इस टूर्नामेंट में लाजवाब प्रदर्शन किया। कार्टर ने 52 की औसत के साथ 208 रन बनाए, जिसमें 2 फिफ्टी शामिल थीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 72 रनों की नाबाद पारी खेल हर किसी का दिल जीता था। वहीं नैट साइवर-ब्रंट ने 113.5 की औसत के साथ 227 और पेरी ने 49.5 की औसत के साथ 198 रन और 4 विकेट चटकाए। ब्रंट ने कुल 4 मैच खेले, जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल में उन्होंने फिफ्टी ठोकी।
आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगैस्ट, पाकिस्तान की फातिमा सना और साउथ अफ्रीका की मारिजैन कप्प इस टीम में ऑलराउंडर की भूमिका अदा करेंगी। प्रेंडरगैस्ट ने इस टूर्नामेंट में 6 विकेट लेने के साथ 181 रन बनाए। वहीं फातिमा 11 विकेट के साथ टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर रहीं। उन्होंने इस दौरान 85 रन भी बनाए। वहीं मारिजैन कप्प ने 8 विकेट चटकाने के साथ 124 रन बनाए। उनकी इकॉनमी इस दौरान 5 की रही।
जॉर्जिया वेयरहम, सोफी मोलिनेक्स और श्री चरानी
आईसीसी टीम ऑफ द टूर्नामेंट में बॉलिंग का डिपार्टमें ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वेयरहम और सोफी मोलिनेक्स के साथ भारत की श्री चरणी संभालेंगी। चरणी ने इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक 14 विकेट चटकाए, हालांकि भारत ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया। अगर टीम इंडिया सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचती तो वह एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेकर इतिहास भी रच सकती थी। जॉर्जिया वेयरहम ने इस टूर्नामेंट में 7 तो सोफी मोलिनेक्स ने 11 विकेट चटकाए। वेयरहम की इकॉन्मी 4.5 की रही।


Journalist खबरीलाल

















