रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी शराब भट्टी के पास सर्विस रोड पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने एक युवक और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। वहीं, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को तीन अज्ञात आरोपियों ने प्रार्थी प्रकाश घोगरे को धमकाकर शराब का थैला और जेब में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए थे। शिकायत के बाद डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में तेलीबांधा पुलिस ने जांच शुरू की।प्रार्थी की निशानदेही और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान के प्रयास किए। इसी दौरान संदेह के आधार पर पुराने बदमाश आशीष उर्फ आशु चेलक (22 वर्ष), निवासी सूरज नगर लाभांडी की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में एक अपचारी बालक और अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई।पुलिस ने आरोपी आशु चेलक और अपचारी बालक के कब्जे से लूट की रकम में से करीब 1,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आशु चेलक गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी अलग से की जा रही है।मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


Journalist खबरीलाल












