उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी सचेत किया है कि भोजन की कमी, भुखमरी और कुपोषण की समस्या से दुनिया का हर देश पीड़ित है और इसलिए भोजन की हानि और बर्बादी रोकने के लिए तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए। खाद्य और कृषि संगठन के अनुसार वर्ष 2019 में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कुल भोजन का 17 प्रतिशत हिस्सा फेंक दिया गया। यह समस्या कोविड महामारी के कारण और बढ़ गई है। इस दौरान पूरे विश्व में 13 करोड़ से अधिक अतिरिक्त लोगों को भोजन और पोषण असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि भोजन की हानि और बर्बादी में कमी लाकर कृषि एवं खाद्य तंत्र को बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे सबकी पोषण संबंधी जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के साथ-साथ किसानों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से भी जूझना पड़ रहा है। इससे निपटने के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। सबसे पहले हमें भोजन की हानि और बर्बादी रोकनी पड़ेगी और स्वस्थ और टिकाऊ जीवन शैली के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करनी होगी। हमें खाद्य आंदोलन को सक्रिय करना होगा, तभी हम देश सहित दुनिया के हर बच्चे को पोषण दे सकेंगे और उनके चेहरे पर मुस्कान देख सकेंगे।


Journalist खबरीलाल












